अखिलेश यादव का भाजपा पर हमला: संभल हिंसा को लेकर लगाए गंभीर आरोप 

समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर गंभीर आरोप लगाते हुए उसे समाज में फूट डालने वाली पार्टी करार दिया। मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत में अखिलेश ने कहा कि भाजपा ने जानबूझकर संभल में हिंसा करवाई और निर्दोष लोगों पर अत्याचार किया। उन्होंने बताया कि सपा का प्रतिनिधिमंडल जब घटना की सच्चाई जानने संभल गया, तो उसे प्रशासन ने रोक दिया। अखिलेश ने सवाल किया कि सरकार आखिर क्या छिपाना चाहती है?

 

सपा अध्यक्ष ने भाजपा पर माहौल खराब करने और जनता को बांटने की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि यह एक ऐसी पार्टी है, जिसे लोगों के जीवन की कोई परवाह नहीं है और यह जनता की समस्याओं को अनदेखा करती है। उन्होंने कहा कि भाजपा शासन में न्याय मिलना असंभव हो गया है।

 

अखिलेश ने यह भी कहा कि मिल्कीपुर में आगामी चुनाव सबसे पारदर्शी दिखाए जा रहे हैं, लेकिन सच्चाई कुछ और है। उन्होंने मीडिया को वहां जाकर वास्तविकता दिखाने की सलाह दी। सपा प्रमुख ने दावा किया कि हाल ही में हुए उपचुनावों में प्रशासन ने भाजपा के पक्ष में काम करते हुए लोगों को वोट देने से रोका।

 

विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय ने भी संभल हिंसा को लेकर भाजपा सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि मस्जिद का सर्वे कर तनाव बढ़ाया गया, और जब विवाद बढ़ा, तो पुलिस ने सीधे गोली चलाई, जिससे सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *