गांधीनगर/अहमदाबाद, 17 मई – केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह अपने दो दिवसीय गुजरात दौरे पर हैं। शनिवार को उन्होंने गांधीनगर में कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इसमें स्वास्थ्य केंद्र, अंडरब्रिज और झीलों के विकास से जुड़ी परियोजनाएं शामिल हैं।
अमित शाह ने गांधीनगर के वावोल और पेतापुर गांवों में नए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का उद्घाटन किया। इसके साथ ही उन्होंने सेक्टर 21 और 22 को जोड़ने वाले अंडरब्रिज को जनता को समर्पित किया। शाह ने कोलवाडा गांव में झील का भी उद्घाटन किया और नगर निगम द्वारा चलाई जा रही कई अन्य योजनाओं की भी शुरुआत की।
रविवार को शाह अहमदाबाद पहुंचे, जहां उन्होंने ₹116 करोड़ की लागत से बने पल्लव फ्लाईओवर का उद्घाटन किया। इसके अलावा अहमदाबाद नगर निगम की 32 विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया गया, जिनकी कुल लागत ₹385 करोड़ से ज्यादा है।
अमित शाह ने साइंस सिटी में “विकसित भारत में सहकारिता की भूमिका” पर आयोजित सम्मेलन को भी संबोधित किया। अपने दौरे के अंतिम दिन, उन्होंने मेहसाणा जिले में नए नर्सिंग कॉलेज भवन और एक फ्रोजन आलू प्रोसेसिंग यूनिट का उद्घाटन किया।
