मणिपाल विश्वविद्यालय की असिस्टेंट प्रोफेसर के साथ 16 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। महिला प्रोफेसर को एक अन्य महिला ने अमेरिका की संस्था के नाम पर झांसा देकर पैसे ठग लिए।
पुलिस के अनुसार, ओपी जिंदल ग्लोबल विश्वविद्यालय की डीन जसमीत कौर लांबा, जो पैरामाउंट गोल्फ फॉरेस्ट सोसाइटी, सूरजपुर में रहती हैं, पर धोखाधड़ी और धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज हुआ है।
लखनऊ की रहने वाली डॉ. गरिमा सिंह की जसमीत कौर से मुलाकात एक ऑनलाइन सेमिनार के दौरान हुई थी। डॉ. गरिमा ने उन्हें सितंबर में राजस्थान में एक बैठक के लिए बुलाया था। वहीं जसमीत ने खुद को अमेरिका की संस्था एजीबीए (AGBA) का उपाध्यक्ष बताया और कहा कि वह सस्ते में उनके 49 शोध प्रकाशित करा देंगी।
डॉ. गरिमा ने उनके भरोसे पर 16 लाख 57 हजार रुपये दे दिए। मई 2025 तक शोध प्रकाशित होने थे, लेकिन अब तक नहीं हुए। जब डॉ. गरिमा ने पूछताछ की, तो जसमीत ने कथित रूप से गाली दी और जान से मारने की धमकी दी।
