अयोध्या राम मंदिर ट्रस्ट ने सरकार को 400 करोड़ रुपये का टैक्स चुकाया, जून 2025 तक निर्माण पूरा होने की संभावना

अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने पिछले पाँच वर्षों (5 फरवरी 2020 से 5 फरवरी 2025) में सरकार को लगभग 396 करोड़ रुपये का कर भुगतान किया है। इसमें से 272 करोड़ रुपये वस्तु एवं सेवा कर (GST) के रूप में, 39 करोड़ रुपये टीडीएस, 14 करोड़ रुपये लेबर सेस, 7.4 करोड़ रुपये ईएसआई, 5 करोड़ रुपये अयोध्या विकास प्राधिकरण को नक्शे की फीस, 29 करोड़ रुपये जमीन रजिस्ट्रेशन फीस, 10 करोड़ रुपये बिजली बिल, और 14.9 करोड़ रुपये रॉयल्टी के रूप में शामिल हैं।

ट्रस्ट की बैठक में यह भी बताया गया कि राम मंदिर का निर्माण कार्य 96% पूरा हो चुका है और जून 2025 तक मंदिर का निर्माण पूर्ण होने की संभावना है। परकोटा का निर्माण कार्य अक्टूबर तक चलेगा, जबकि शबरी, निषाद और ऋषियों के सप्त मंदिर मई 2025 तक पूरे होने की उम्मीद है।

पिछले पाँच वर्षों में, ट्रस्ट ने कुल 2150 करोड़ रुपये खर्च किए हैं, जिसमें उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम को 200 करोड़ रुपये का कार्य दिया गया है। इसके अलावा, लार्सन एंड टुब्रो को मंदिर निर्माण के लिए 1200 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया है।

राम मंदिर में यात्रियों की सुविधा के लिए गेस्ट हाउस बनाया जाएगा, जहाँ यात्री नाममात्र खर्च देकर इसका लाभ ले सकते हैं। ट्रस्ट ने यह भी निर्णय लिया है कि आचार्य सत्येंद्र दास के बाद अब राम मंदिर में कोई मुख्य पुजारी नहीं होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *