ग्रेटर नोएडा।
अल्फा-2 मार्केट में मंगलवार को प्राधिकरण द्वारा बड़ा अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया गया। इस दौरान दुकानों के सामने लगे ठेले और अवैध खोखों को हटाने की कार्रवाई की गई। मौके पर भारी पुलिस बल की तैनाती रही, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से बचा जा सके।
लंबे समय से बाजार में अवैध अतिक्रमण के कारण दुकानदारों और ग्राहकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। बाजार में खरीदारी करने आने वालों के लिए न तो पर्याप्त जगह थी और न ही पार्किंग की व्यवस्था ठीक से हो पा रही थी। लगातार मिल रही शिकायतों को देखते हुए प्राधिकरण ने मंगलवार को कार्रवाई का फैसला लिया।
सुबह से ही प्राधिकरण की टीम जेसीबी मशीनों और पुलिस बल के साथ अल्फा-2 मार्केट पहुंची। कार्रवाई शुरू होते ही बाजार में हलचल मच गई। कई दुकानदारों ने अपना सामान खुद हटाना शुरू कर दिया, जबकि कुछ ठेले और खोखे वालों ने मौके पर प्राधिकरण से दो दिन का समय मांगा ताकि वे स्वयं ही अपने अवैध ढांचे हटा सकें।
प्राधिकरण की ओर से मौके पर मौजूद अधिकारियों ने दो दिन का समय देते हुए स्पष्ट किया कि यदि इस अवधि के भीतर अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो अगली बार कार्रवाई में सामान जब्त कर लिया जाएगा।
आरडब्ल्यूए अध्यक्ष सुभाष भाटी ने इस कार्रवाई का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण हटने से बाजार में साफ-सफाई और सुव्यवस्था कायम होगी। “लंबे समय से बाजार में अवैध कब्जों के कारण ग्राहकों और स्थानीय लोगों को परेशानी हो रही थी। हम प्राधिकरण का धन्यवाद करते हैं कि उन्होंने यह कदम उठाया,” उन्होंने कहा।
प्राधिकरण के अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान भविष्य में भी जारी रहेगा। बाजार को सुचारु रखने के लिए समय-समय पर निगरानी की जाएगी और दोबारा अतिक्रमण नहीं फैलने दिया जाएगा।
