अल्फा-2 में गंदगी और अतिक्रमण से लोग परेशान, महिलाओं ने उठाई सफाई की मांग

ग्रेटर नोएडा

ग्रेटर नोएडा के सेक्टर अल्फा-2 के निवासियों में इन दिनों जबरदस्त नाराजगी है। इलाके में फैली गंदगी, चोक नालियां, और सड़क पर बढ़ता अतिक्रमण स्थानीय लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गया है। खासकर महिलाओं और दुकानदारों ने इन समस्याओं पर अपनी नाराजगी जताई है और प्राधिकरण से तत्काल सफाई की मांग की है।

स्थानीय निवासी मंजू, सीमा सिन्हा और अन्य महिलाओं ने बताया कि बीते एक महीने से क्षेत्र में कोई सफाई नहीं हुई है। जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हुए हैं और नालियों से गंदा पानी बहकर सड़कों तक आ रहा है। उन्होंने कहा कि बाथरूम का गंदा पानी भी अब बाहर आने लगा है, जिससे पूरी कॉलोनी में बदबू फैली हुई है और मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। इससे डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है।

सेक्टर अध्यक्ष सुभाष भाटी ने कहा कि मार्केट क्षेत्र में शाम के वक्त रेडी-पटरी वालों की भारी भीड़ लग जाती है। इससे ग्राहक दुकानों तक नहीं पहुंच पाते और सड़कें पूरी तरह से जाम हो जाती हैं। अतिक्रमण के कारण न तो सफाई की गाड़ी अंदर आ पाती है और न ही सफाईकर्मी अपना काम कर पाते हैं। उन्होंने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार प्राधिकरण से शिकायतें की गईं, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।

पास ही स्थित एक पीजी में रहने वाली प्रगति गौतम ने बताया कि यहां की हालत बेहद खराब हो चुकी है। मार्केट से लेकर मुख्य सड़क तक चारों तरफ गंदगी फैली हुई है। शाम होते ही रेडी-पटरी वालों की भीड़ से दुकानों तक पहुंचना मुश्किल हो जाता है और सड़क पर चलना भी चुनौती बन गया है। उन्होंने कहा कि भीड़ और गंदगी की वजह से पढ़ाई करने वाले छात्रों और नौकरीपेशा लोगों को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में कूड़ा उठाने की गाड़ी महीनों से नहीं आई है और न ही सफाईकर्मी दिखाई देते हैं। इससे साफ है कि प्रशासन लापरवाह है और नागरिकों की समस्याओं की अनदेखी कर रहा है। लोगों ने मांग की है कि प्रशासन तुरंत कार्रवाई करे और क्षेत्र में सफाई और अतिक्रमण हटाने की व्यवस्था की जाए, ताकि निवासियों को राहत मिल सके

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *