आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत पात्र परिवारों को बड़े इलाज की सुविधा दी जा रही है। इस योजना के माध्यम से सरकारी और चिन्हित निजी अस्पतालों में प्रति परिवार पांच लाख रुपये तक का इलाज पूरी तरह नि:शुल्क मिलता है। योजना के अंतर्गत परिवार के प्रत्येक सदस्य का अलग-अलग आयुष्मान भारत गोल्डन कार्ड बनाया जाता है, जिससे पूरे परिवार को स्वास्थ्य सुरक्षा मिलती है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नरेंद्र कुमार ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार के निर्देश पर 25 नवंबर से 25 दिसंबर 2025 तक आयुष्मान भारत गोल्डन कार्ड बनाने का विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक पात्र लोगों को योजना का लाभ दिलाना है। इसके लिए आशा वर्कर, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, पंचायत सहायक, कोटेदार, स्कूल शिक्षक, ग्राम प्रधान और जन सूचना केंद्र संचालकों से सहयोग की अपील की गई है।
उन्होंने बताया कि अंत्योदय राशन कार्ड धारक परिवार, 70 वर्ष से अधिक आयु के सभी नागरिक और उत्तर प्रदेश सरकार के कर्मचारी इस योजना के तहत पूरी तरह पात्र हैं। अन्य राशन कार्ड धारक भी अपनी पात्रता जांच कर कार्ड बनवा सकते हैं। आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए आधार कार्ड और राशन कार्ड जरूरी हैं। पात्र लोग आयुष्मान भारत ऐप, टोल-फ्री नंबर 14555 व 1800-1800-4444 या नजदीकी सूचीबद्ध अस्पताल से संपर्क कर सकते हैं।
