बिहार के आरा शहर में अपराधियों ने एक बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया। टाउन थाना क्षेत्र के शीशमहल चौक स्थित तनिष्क ज्वेलरी शोरूम में सोमवार सुबह सात हथियारबंद बदमाश घुस आए और लाखों रुपये के गहने लूट लिए। इस दौरान पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ भी हुई, जिसमें दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए।
घटना के दौरान शोरूम की एक महिला कर्मचारी की बहादुरी चर्चा का विषय बन गई। लूट के समय जब अपराधी पूरे स्टाफ को बंधक बना रहे थे, तभी यह महिला जान जोखिम में डालकर गहनों को सुरक्षित करने में जुटी थी। वह चुपके से रैक में रखे गहनों को निकालकर छिपाने की कोशिश कर रही थी। इसी दौरान एक बदमाश वहां पहुंचा और बंदूक तानकर उसे आगे चलने को कहा। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया, जिनमें से एक के पैर में गोली लगी है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बदमाशों के पास से गहनों से भरे दो बैग बरामद किए हैं। शोरूम कर्मचारियों के अनुसार, लूट की कुल रकम 25 करोड़ रुपये से अधिक हो सकती है।
पुलिस ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि मुख्य आरोपियों की पहचान की जा रही है, जबकि फरार अपराधियों की तलाश के लिए विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।
