ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो मार्ट में प्रतिनिधिमंडल ने जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ प्रशासनिक कार्यप्रणाली, विकास मॉडल और कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन पर संवाद किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी मेधा रूपम, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. शिवाकांत द्विवेदी, अपर जिलाधिकारी मंगलेश दुबे, उप जिलाधिकारी दादरी अनुज नेहरा, डिप्टी कलेक्टर वेद प्रकाश पांडेय सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ भेंट कर किया गया।
प्रतिनिधिमंडल ने स्मार्ट सिटी मिशन, औद्योगिक विकास, बुनियादी ढांचा सुदृढ़ीकरण, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की जानकारी ली। जिला प्रशासन द्वारा लागू ई-गवर्नेंस, डिजिटल सेवाएं, त्वरित शिकायत निस्तारण प्रणाली और निवेशकों के लिए सिंगल विंडो सुविधा की अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडल ने विशेष सराहना की।
दोनों देशों के अधिकारियों ने प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने, अनुभव साझा करने और आपसी सहयोग पर चर्चा की। इसके अलावा अंतर्राष्ट्रीय नोएडा एयरपोर्ट और इंटरनेशनल ट्रेड फेयर की भी जानकारी साझा की गई।
कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी ने प्रतिनिधिमंडल को गौतम बुद्ध की प्रतिमा स्मृति स्वरूप भेंट की। वहीं एनसीजीजी की एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. हिमान्शी रस्तोगी ने जिलाधिकारी को मेमेंटो भेंट किया।
