ईकोविलेज-1 के पास अतिक्रमण से लड़कियों को हो रही परेशानी, स्थानीय लोग बोले डर के साये में जी रही हैं बेटियां

ग्रेटर नोएडा वेस्ट की सुपरटेक ईकोविलेज-1 सोसाइटी के पास इन दिनों अवैध अतिक्रमण लगातार बढ़ता जा रहा है। सड़क किनारे कबाड़, कंडे और सीमेंट की अस्थायी दुकानें खुल गई हैं। दिन में तो ये दुकानें चलती हैं लेकिन रात होते ही यहां युवकों का जमावड़ा लगने लगता है। ये लोग सिगरेट पीते हैं, तेज आवाज में बातें करते हैं और महिलाओं पर टकटकी लगाए रहते हैं। इससे लड़कियों और महिलाओं को घर से बाहर निकलने में डर लगने लगा है।

स्थानीय निवासी रंजना सुरी भारद्वाज ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर प्रशासन को इस समस्या की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अतिक्रमण की वजह से सोसाइटी के सामने का रास्ता संकरा हो गया है, पैदल चलना मुश्किल हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि इन दुकानों की आड़ में कई असामाजिक तत्व शाम होते ही जमा हो जाते हैं, जिससे माहौल असुरक्षित हो गया है।

महिलाएं कहती हैं कि पहले भी यह अतिक्रमण हटाया गया था, लेकिन अब फिर से ये अवैध दुकानें दोबारा जमने लगी हैं। गंदगी, दुर्गंध और वाहनों की रुकावट की वजह से आम लोग खासे परेशान हैं।

इस मामले पर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के प्रवक्ता अरविंद सिंह ने कहा कि अतिक्रमण किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। संबंधित विभाग को निर्देश दे दिए गए हैं और जल्द ही अवैध कब्जों को हटाया जाएगा।

स्थानीय लोग मांग कर रहे हैं कि इस इलाके में गश्त बढ़ाई जाए और अतिक्रमण पर स्थायी रूप से रोक लगाई जाए, ताकि महिलाएं और बेटियां सुरक्षित महसूस कर सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *