उत्तराखंड में फिर आफत बरपाएगी बारिश, कई जिलों में आज और कल रेड अलर्ट जारी

देहरादून : उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर से चिंता बढ़ा दी है। मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में आज और कल भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी देते हुए रेड अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को देहरादून, टिहरी, पौड़ी, बागेश्वर, हरिद्वार, नैनीताल, चंपावत और उधम सिंह नगर में गरज-चमक के साथ भारी बारिश के आसार हैं। वहीं, पहाड़ी जिलों में भूस्खलन और मैदानी इलाकों में जलभराव की संभावना जताई गई है। सुरक्षा को देखते हुए कई जिलों में स्कूल और आंगनवाड़ी केंद्र बंद रखने के आदेश दिए गए हैं।

इसके अलावा मंगलवार को भी राहत की उम्मीद नहीं है। विभाग ने बताया कि देहरादून और उत्तरकाशी में कल भारी बारिश का रेड अलर्ट रहेगा, जबकि रुद्रप्रयाग, चमोली, टिहरी और बागेश्वर में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मैदानी जिलों हरिद्वार और उधम सिंह नगर के लिए येलो अलर्ट घोषित किया गया है।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें और नदियों तथा नालों के किनारे जाने से परहेज करें। आपदा प्रबंधन टीमें अलर्ट पर हैं और जिलाधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

राज्य सरकार ने साफ कहा है कि किसी भी तरह की लापरवाही खतरा बढ़ा सकती है, इसलिए लोगों को मौसम विभाग और प्रशासन के निर्देशों का पालन करना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *