उत्तर प्रदेश की 9 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव की वोटों की गिनती आज सुबह 8 बजे शुरू हुई। सबसे पहले पोस्टल बैलेट की गिनती हो रही है, जिसके बाद ईवीएम के वोट गिने जाएंगे। सीसामऊ सीट पर सबसे कम 20 राउंड की गिनती होगी, जबकि कुंदरकी, करहल, फूलपुर और मझवां सीटों पर 32 राउंड में मतगणना होगी।
इन उपचुनावों में 9 सीटों के लिए कुल 90 उम्मीदवार मैदान में थे। जिन सीटों के नतीजे आएंगे, उनमें करहल, कटेहरी, मीरापुर, सीसामऊ, फूलपुर, गाजियाबाद, कुंदरकी और खैर शामिल हैं। 20 नवंबर को इन सीटों पर मतदान हुआ था। इनमें से 8 सीटें लोकसभा चुनाव के बाद खाली हुई थीं, क्योंकि यहां के विधायक सांसद बन गए थे। कानपुर की सीसामऊ सीट विधायक इरफान सोलंकी की सदस्यता खत्म होने के कारण खाली हुई थी।
चुनाव के दौरान मीरापुर और सीसामऊ सीट पर हंगामा हुआ था। समाजवादी पार्टी ने इस पर चुनाव आयोग से शिकायत की थी, जिसके बाद 11 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया था। अब कुछ ही देर में नतीजे आने शुरू हो जाएंगे।
