फिल्म ‘मैंने प्यार किया’ सलमान खान और भाग्यश्री की वह यादगार फिल्म है, जिसे तीन दशक बाद भी दर्शक याद करते हैं। यह सलमान खान की पहली ब्लॉकबस्टर फिल्म थी, जिसमें उन्होंने लीड रोल निभाया। सूरज बड़जात्या द्वारा निर्देशित इस फिल्म में हीरोइन के चयन के लिए कई अभिनेत्रियों का ऑडिशन हुआ, लेकिन अंत में भाग्यश्री को चुना गया। हालांकि, कपिल शर्मा की ऑनस्क्रीन ‘बुआ’ उपासना सिंह का दावा है कि इस फिल्म के लिए पहली पसंद भाग्यश्री नहीं, बल्कि वह खुद थीं, लेकिन कुछ कारणों से उन्हें यह फिल्म छोड़नी पड़ी।
उपासना ने बताया कि जब वह पहली बार मुंबई आईं, तो उनकी मुलाकात सूरज बड़जात्या से हुई। उन्होंने फिल्म और उनकी भूमिका के बारे में विस्तार से बताया। सूरज बड़जात्या ने उन्हें फाइनल भी कर दिया और अगले दिन अपने पिता से मिलने को कहा। लेकिन उनके पिता ने उपासना को फिल्म के लिए उपयुक्त नहीं माना और उन्हें फिर कभी संपर्क नहीं किया गया।
सालों बाद, ‘मैं प्रेम की दीवानी हूं’ के दौरान, राज कुमार बड़जात्या ने टीम के सामने कहा कि ‘मैंने प्यार किया’ के लिए उनकी पहली पसंद उपासना सिंह थीं। यह सुनकर करीना, अभिषेक, और ऋतिक हैरान रह गए। उपासना ने हंसते हुए कहा कि उनके लंबे कद के कारण उन्हें रिजेक्ट किया गया।
राज कुमार बड़जात्या ने बताया कि उन्हें सलमान खान से छोटी कद की हीरोइन चाहिए थी, जो उपासना के लंबे कद के कारण संभव नहीं था। यही कारण था कि भाग्यश्री को फिल्म में लिया गया।
