कन्नड़ एक्ट्रेस रान्या राव सोने की तस्करी में गिरफ्तार, पति जतिन हुक्केरी भी जांच के घेरे में

कन्नड़ फिल्म इंडस्ट्री की मशहूर एक्ट्रेस रान्या राव को बेंगलुरु एयरपोर्ट पर सोने की तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। उनके पास से 14.8 किलोग्राम सोना बरामद किया गया, जिसे उन्होंने जैकेट में छिपा रखा था। इस मामले में उनके पति जतिन हुक्केरी भी शक के घेरे में हैं, क्योंकि वे भी अक्सर दुबई आते-जाते रहते थे।

कर्नाटक पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन के DGP रामचंद्र राव की सौतेली बेटी रान्या राव के खिलाफ गोल्ड स्मगलिंग का केस दर्ज किया गया है। जब पुलिस ने उनके घर की तलाशी ली, तो वहां से 2.67 करोड़ रुपये नकद और 2.06 करोड़ रुपये के आभूषण जब्त किए गए। इस पूरे मामले की जांच डायरेक्टरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (DRI) कर रही है।

जतिन हुक्केरी कौन हैं?

रान्या राव के पति जतिन हुक्केरी पेशे से आर्किटेक्ट और डिजाइनर हैं। उन्होंने बेंगलुरु के आर.वी. कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग से आर्किटेक्चर और इंटीरियर डिजाइन की डिग्री हासिल की। इसके अलावा, उन्होंने लंदन के रॉयल कॉलेज ऑफ आर्ट से डिसरप्टिव मार्केट इनोवेशन में विशेषज्ञता भी ली है।

जतिन ने बेंगलुरु की रेस्टोरेंट इंडस्ट्री में काम कर अपनी एक अलग पहचान बनाई और बाद में अपने बिजनेस को भारत और लंदन तक फैलाया। उन्होंने WDA & DECODE LLC और Craft CoDe नाम की कंपनियों की स्थापना भी की।

चार महीने पहले ताज वेस्ट एंड होटल में रान्या राव और जतिन हुक्केरी की शादी हुई थी, जो एक हाई-प्रोफाइल वेडिंग थी। शादी के बाद यह कपल बेंगलुरु के पॉश इलाके लावेल रोड स्थित लक्ज़री अपार्टमेंट में रहने चला गया था। अब, रान्या के सोना तस्करी में पकड़े जाने के बाद जतिन की भी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *