कर्नाटक से एक बहुत ही चौंकाने वाली खबर सामने आई है। यहां एक सफाई कर्मचारी ने खुद पुलिस के पास जाकर बताया कि वह साल 1998 से 2014 तक रेप की शिकार लड़कियों और महिलाओं की लाशों को जला कर ठिकाने लगाता रहा।
उसका कहना है कि उसे जबरदस्ती ऐसा करने के लिए मजबूर किया गया था। ये घटनाएं कर्नाटक के धर्मस्थल इलाके की हैं, जहां वह सफाईकर्मी के रूप में काम करता था।
अब करीब 11 साल बाद उसने खुद पुलिस के सामने आकर अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने कहा कि उसका जमीर उसे अब और चुप नहीं रहने दे रहा था। आरोपी ने पुलिस को कुछ जली हुई लाशों और कंकालों की तस्वीरें भी सौंपी हैं।
फिलहाल पुलिस ने उसकी पहचान को गुप्त रखा है और जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इन अपराधों के पीछे कौन लोग थे जिन्होंने उसे ऐसा करने को मजबूर किया।
