ग्रेटर नोएडा। सोमवार दोपहर ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक-3 थाना क्षेत्र अंतर्गत कुलेसरा पुस्ता रोड पर बड़ा सड़क हादसा हो गया। एक तेज रफ्तार वैगनआर कार और बाइक की आमने-सामने टक्कर में बाइक पर सवार चार किशोरों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान सुमित (16), लवकुश (17), रिहान (18) और मोनू ठाकुर (18) के रूप में हुई है। चारों किशोर एक ही बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि वे पहले रील वीडियो बनाने निकले थे। हादसे के समय किसी ने भी हेलमेट नहीं पहन रखा था और बाइक पर नंबर प्लेट भी नहीं थी।
गंभीर हालत में घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने चारों को मृत घोषित कर दिया। परिजनों का आरोप है कि एम्बुलेंस देर से पहुंची, जिससे समय पर उपचार नहीं हो पाया।
पुलिस ने कार को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और मामले की जांच जारी है।
गांव में एक साथ चार युवकों की मौत से शोक की लहर है। परिजन और ग्रामीण हादसे के बाद से गमगीन हैं।
