कासना कोतवाली क्षेत्र में शनिवार की देर शाम एक किसान नेता के पोते की कार पर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई। छात्र गुटों के बीच हुए झगड़े के बाद हमला किया गया है। पुलिस का दावा है कि किसी को चोट नहीं आई है। गाड़ी में नुकसान हुआ है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
कासना कोतवाली पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक कैमराला गांव के रहने वाले किसान नेता बलराज भाटी का पोता प्रियांशु भाटी कक्षा 12वीं का छात्र है। प्रियांशु सेक्टर ओमिक्रोन वन स्थित एक कोचिंग सेंटर में कोचिंग करने के लिए आता है। शुक्रवार को प्रियांशु का कोचिंग में साथ पढ़ने वाले एक छात्र दक्ष से किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया था। इसी बात के चलते दक्ष ने शनिवार की देर शाम अपने साथियों के साथ मिलकर प्रियांशु की कार पर फायरिंग की। इसके बाद आरोपी धमकी देकर भाग गए। पुलिस का कहना है कि हवाई फायरिंग की गई है। कार पर पथराव हुआ है, जिससे कार के शीशे टूट गए हैं। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस द्वारा आरोपियों की तलाश की जा रही है। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
किसान नेता के पोते की कार पर ताबड़तोड़ फायरिंग
