गाजियाबाद के मोदीनगर क्षेत्र में एक 17 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध मौत को लेकर हिंदू संगठनों ने तीव्र विरोध प्रदर्शन किया। घटना 15 दिसंबर को हुई थी, जब दिल्ली-मेरठ हाईवे पर रिलायंस पेट्रोल पंप के पास किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हुई।
मृतका के परिजनों का आरोप है कि दूसरे समुदाय के दो युवकों ने उनकी बेटी का अपहरण कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने इस मामले में तीन दिन पहले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ चालान दाखिल किया था।
हालांकि, बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि पुलिस ने मामूली धाराएं लगाकर कार्रवाई की है। उन्होंने प्रदर्शन के दौरान हत्या और पॉक्सो एक्ट की धाराएं जोड़ने और पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद देने की मांग की।
एसीपी मोदीनगर ज्ञानप्रकाश राय ने बयान देते हुए बताया कि जांच में यह मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है और हत्या का कोई प्रमाण नहीं मिला है। हालांकि, उन्होंने मामले की दोबारा जांच कराने का आश्वासन दिया। प्रदर्शन में कई संगठन कार्यकर्ता, जिनमें पंकज कंसल, शुभम शर्मा, विनीत कुमार, प्रतीक कुमार, रितिक और विक्रम शामिल थे, उपस्थित रहे।
