गाजियाबाद में पंजाब के साधुओं के साथ मारपीट और अपमान का मामला सामने आया है। आरोप है कि वेव सिटी थाना क्षेत्र के शाहपुर बम्हेटा स्थित महंत शंकरनाथ की समाधि मंदिर के पास कुछ लोगों ने साधुओं से बदसलूकी की और उनके कानों के कुंडल खींच लिए। घटना के बाद साधु समाज में गहरा आक्रोश है।
महंत योगी अमरनाथ ने बताया कि वे पंजाब के संगरूर से प्रयागराज महाकुंभ के लिए जा रहे थे। शुक्रवार को वे मंदिर के पास विश्राम कर रहे थे। इसी दौरान स्थानीय निवासी एसएन यादव और उसके साथियों ने वहां पहुंचकर गाली-गलौज की और मारपीट की। साधुओं के कानों में चोट पहुंचाई गई और अपमानजनक शब्द कहे गए।
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की। पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है और आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है। साधुओं ने बताया कि उन्होंने मंदिर में थोड़ी देर रुकने की अनुमति मांगी थी, लेकिन इसके बावजूद उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया। मामले की जांच जारी है।
