गाजियाबाद में ठंड का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। आज सोमवार को सुबह का तापमान 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि दिन का अधिकतम तापमान 17.5 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है। सुबह से ही आसमान में धूप नहीं निकली, जिससे ठंड और बढ़ गई है। मौसम विभाग ने दिनभर धुंध रहने और हल्की बारिश होने की संभावना जताई है।
बीती रात 9 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही ठंडी हवाओं ने पूरे एनसीआर में ठिठुरन बढ़ा दी। तेज सर्दी और शीतलहर के कारण गाजियाबाद के डीएम इंद्र विक्रम सिंह ने कक्षा 1 से 8 तक के सभी स्कूलों में 6 जनवरी से 11 जनवरी तक छुट्टी की घोषणा की है। डीआईओएस डॉ. धर्मेंद्र शर्मा ने स्पष्ट किया कि यह आदेश सभी सरकारी और निजी स्कूलों पर लागू होगा।
इसके साथ ही बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूलों में 31 दिसंबर से 14 जनवरी तक पहले से ही अवकाश चल रहा है। कक्षा 9 से ऊपर के स्कूल सुबह 9 बजे के बाद ही खुलेंगे।शनिवार को पूरे दिन शीतलहर रही और धूप नहीं निकली। रविवार को सुबह घना कोहरा छाया रहा, लेकिन दोपहर में हल्की धूप दिखाई दी। शाम होते-होते फिर से धुंध छा गई। मौसम विभाग ने 7 जनवरी को 2 मिमी बारिश होने की संभावना भी जताई है।
