पूर्वी दिल्ली के गाजीपुर इलाके में 27 वर्षीय युवक मुकेश की नाले में डूबकर मौत हो गई। वह यूपी के खोड़ा कॉलोनी का रहने वाला था और शुक्रवार तड़के अपने दोस्त से मिलने के लिए घर से निकला था। सुबह सात बजे परिवार को जानकारी मिली कि उसका शव गाजीपुर के नाले में मिला है। पुलिस ने शव को नाले से बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।
घटना के बाद दिल्ली सरकार में मंत्री मुकेश अहलावत और स्थानीय विधायक कुलदीप कुमार मृतक के परिवार से मिले। मंत्री ने कहा कि यह घटना बहुत दुखद है और दिल्ली सरकार उनकी मदद के लिए हर संभव प्रयास करेगी। परिवार को 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। विधायक कुलदीप कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और मंत्री मुकेश अहलावत ने तुरंत कार्रवाई की और परिवार को मदद देने का वादा किया। सरकार इस दुख की घड़ी में परिवार के साथ खड़ी है।
