गौतम बुद्ध नगर: डीएम की अध्यक्षता में जिला पोषण समिति की समीक्षा बैठक सम्पन्न, कुपोषित बच्चों की पहचान और इलाज पर विशेष जोर

गौतम बुद्ध नगर, 18 जुलाई 2025।
कलेक्ट्रेट कार्यालय में जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा की अध्यक्षता में जिला पोषण समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में संभव 5.0 अभियान के तहत किए जा रहे कार्यों और आगे की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गंभीर रूप से कुपोषित (सैम) बच्चों की पहचान कर उन्हें तुरंत स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही पोषण पुनर्वास केंद्र (NRC) में भर्ती के लिए पहले से सूची तैयार रखें ताकि कोई भी बेड खाली न रहे और बच्चों का समय पर इलाज हो सके।

उन्होंने कहा कि ई-कवच पोर्टल पर सैम बच्चों की पूरी जानकारी समय से दर्ज कराई जाए और इसके लिए एएनएम को निरंतर प्रशिक्षण दिया जाए। नोडल अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे केंद्रों का निरीक्षण कर बच्चों का वजन लें और उनका डेटा पोर्टल पर दर्ज करें।

डीएम ने इस अभियान के लिए सभी विभागों को समन्वय से कार्य करने की बात कही और जिले को कुपोषण मुक्त बनाने के लिए अधिकारियों को प्रेरित किया। उन्होंने सुझाव दिया कि अधिकारी अपने या अपने बच्चों के जन्मदिन यदि संभव हो तो आंगनबाड़ी केंद्र में मनाएं, ताकि समाज में जागरूकता बढ़े।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विद्यानाथ शुक्ल, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. नरेंद्र कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी पूनम तिवारी, सीडीपीओ संध्या सोनी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

सौजन्य: सूचना विभाग, गौतम बुद्ध नगर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *