गौतम बुद्ध नगर, 2 अगस्त 2025:
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को पीएम किसान सम्मान निधि योजना की 20वीं किस्त वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जारी की। इस दौरान देशभर के लाखों किसानों को 2,000 रुपये की राशि सीधे उनके बैंक खातों में ट्रांसफर की गई। गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय परिसर में इस कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया गया, जिसमें जिले के सैकड़ों किसान, अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
मुख्य अतिथि के रूप में गौतम बुद्ध नगर से सांसद डॉ. महेश शर्मा उपस्थित रहे। उनके साथ दादरी विधायक तेजपाल नागर, विधान परिषद सदस्य श्रीचंद शर्मा, जिला अध्यक्ष अभिषेक शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी भी शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान “मिलेट्स मेला सह प्रदर्शनी” का आयोजन किया गया, जिसमें कृषि, पशुपालन, उद्यान, मत्स्य पालन, जैविक खेती और कृषि उपकरणों से जुड़े विभागों ने अपने स्टॉल लगाए। किसानों को मोटे अनाज (मिलेट्स) की खेती, उत्पादन तकनीक और विपणन से जुड़ी जानकारी दी गई।
इस मौके पर सांसद डॉ. महेश शर्मा ने दो लाभार्थियों को ट्रैक्टर की चाबियां सौंपीं, 10 किसानों को सॉइल हेल्थ कार्ड और प्रशस्ति पत्र भी वितरित किए। कार्यक्रम में आए किसानों ने योजनाओं से जुड़ी जानकारियाँ लीं और अपनी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं, जिनका मौके पर समाधान किया गया।
यह आयोजन किसानों के लिए लाभकारी और जानकारीपूर्ण सिद्ध हुआ। कार्यक्रम की व्यवस्था कृषि विभाग द्वारा की गई थी और अंत में सभी उपस्थित लोगों का आभार जताया गया।
(सौजन्य: सूचना विभाग, गौतम बुद्ध नगर)
