गौतमबुद्धनगर में 300 टन गौमांस बरामद होने के बाद संत समाज ने कड़ा रुख अपनाया है। श्री पंच जूना अखाड़े के महामंडलेश्वर कंप्यूटर बाबा और शिव शक्ति धाम के महंत यति नरसिंहानंद ने मीट फैक्ट्रियों के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए बड़ा प्रदर्शन करने की घोषणा की है। सोमवार को ये दोनों संत हजारों गौ भक्तों के साथ गाजियाबाद जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन करेंगे।
मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपेंगे
महंत यति नरसिंहानंद ने बताया कि सोमवार सुबह 10:30 बजे वे और कंप्यूटर बाबा गाजियाबाद जिला मुख्यालय पहुंचकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम ज्ञापन सौंपेंगे। ज्ञापन में गौहत्या रोकने और गौमांस तस्करी पर सख्त कदम उठाने की मांग की जाएगी। इसके अलावा, तस्करी से जुड़े मीट फैक्ट्रियों को तुरंत बंद करने की अपील की जाएगी।
संत समाज में रोष
हाल ही में गौतमबुद्धनगर में 300 टन गौमांस कोल्ड स्टोरेज से बरामद किया गया, जिसके तार कई मीट फैक्ट्रियों से जुड़े बताए जा रहे हैं। इस घटना ने संत समाज में आक्रोश पैदा कर दिया है। कंप्यूटर बाबा ने इसे हिंदू समाज की भावनाओं पर आघात बताते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की।
हजारों भक्तों के शामिल होने की तैयारी
कंप्यूटर बाबा और महंत नरसिंहानंद ने दावा किया है कि इस प्रदर्शन में हजारों गौ भक्त शामिल होंगे। वे गौहत्या और मीट फैक्ट्रियों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग करेंगे।
प्रशासन ने कसी कमर
प्रदर्शन को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों से शांति बनाए रखने की अपील की है।
