ग्रेटर नोएडा के बिसरख थाना क्षेत्र की गौर सिटी 16 एवेन्यू सोसायटी में एक कार चालक ने लापरवाही से गाड़ी बैक करते हुए एक महिला को टक्कर मार दी। हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं और उन्हें इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि महिला के दोनों पैरों में गंभीर चोट आई है।
घटना 27 अक्टूबर की रात की है। महिला का नाम अंजू बताया गया है, जो अपने परिवार के साथ गौर सिटी 16 एवेन्यू में रहती हैं। वह सोसायटी में टहल रही थीं, तभी कार चालक ने तेज रफ्तार में गाड़ी बैक की और उन्हें टक्कर मार दी। पूरी घटना सोसायटी के गेट पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
पुलिस ने पीड़िता के पति की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी की पहचान पश्चिम बंगाल के दासपुर थाने के बरे सिमोलिया गांव निवासी तरुण मंडल के रूप में हुई है। वह पेशे से कार मिस्त्री है और नोएडा सेक्टर-12 में रहता है।
पुलिस ने आरोपी को चार मूर्ति गोलचक्कर से गिरफ्तार कर उसकी कार बरामद कर ली है। बिसरख कोतवाली प्रभारी मनोज सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
