ग्रेटर नोएडा के डेल्टा-1 सेक्टर में मंगलवार रात एक युवक को सांप ने काट लिया। यह घटना बी ब्लॉक स्थित पार्क के पास रात करीब 9 बजे हुई। युवक का नाम आदर्श है, जो मध्य प्रदेश का रहने वाला है और ग्रेटर नोएडा में किराए पर रह रहा है।
जानकारी के अनुसार, आदर्श रोज की तरह रात को टहलने निकला था। पार्क के पास अंधेरा होने की वजह से वह एक सांप की पूंछ पर पैर रख बैठा। जैसे ही पैर पड़ा, सांप ने उसे डस लिया। युवक को तुरंत दर्द महसूस हुआ और उसने आसपास के लोगों को बुलाया। स्थानीय लोगों ने बिना समय गंवाए उसे नजदीकी जिम्स अस्पताल, कासना में भर्ती कराया।
अस्पताल के डॉक्टरों ने त्वरित उपचार शुरू किया और राहत की बात यह है कि युवक की हालत अब खतरे से बाहर है। डॉक्टरों के अनुसार, समय रहते अस्पताल पहुंचने से युवक को बचा लिया गया। फिलहाल उसे अस्पताल में निगरानी में रखा गया है और धीरे-धीरे सुधार हो रहा है।
इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। स्थानीय निवासियों ने नगर प्राधिकरण और प्रशासन से मांग की है कि बारिश के मौसम में पार्कों और खुले क्षेत्रों की सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाए। कई लोगों का कहना है कि झाड़ियों और घास में जंगली जानवर और जहरीले जीव-जंतु छिप जाते हैं, जो लोगों के लिए खतरा बन सकते हैं।
सांप के काटने की इस घटना ने साफ कर दिया है कि मानसून के समय में सुरक्षा के विशेष इंतजाम जरूरी हैं, खासकर उन इलाकों में जहां पेड़-पौधे और झाड़ियाँ अधिक होती हैं। निवासियों ने पार्कों में रोशनी की व्यवस्था करने और समय-समय पर दवाओं का छिड़काव करने की भी मांग की है।
