ग्रेटर नोएडा स्थित भारत एक्सपो सेंटर में भारत के निर्माण, खनन और अवसंरचना क्षेत्र के सबसे बड़े व्यापार मेले बौमा कोनेक्सपो इंडिया 2024 का भव्य उद्घाटन हुआ। केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने इस कार्यक्रम का उद्घाटन किया। दीप प्रज्वलन और प्रदर्शनी कैटलॉग के अनावरण के साथ शुरू हुए इस आयोजन में नितिन गडकरी ने भारत के अवसंरचना क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की।
गडकरी ने कहा कि भारत पानी, बिजली, परिवहन और संचार में विश्व स्तरीय अवसंरचना तैयार कर रहा है। उन्होंने बताया कि सरकार वर्तमान में 70 लाख करोड़ रुपये की परियोजनाओं पर काम कर रही है और हर साल 5 लाख करोड़ रुपये के अवसंरचना अनुबंध पेश कर रही है। साथ ही, भारत वैकल्पिक ईंधन जैसे एथेनॉल, बायोडीजल और हाइड्रोजन को बढ़ावा देकर 2070 तक कार्बन तटस्थता का लक्ष्य हासिल करेगा।
बौमा कोनेक्सपो इंडिया 2024 में 1,000 से अधिक प्रदर्शक और 20,000 से अधिक उत्पाद प्रदर्शित हो रहे हैं। यहां उन्नत मशीनरी, टिकाऊ तकनीकों और लाइव मशीनरी डेमो का प्रदर्शन किया जा रहा है, जो उद्योग को नई दिशा देंगे। यह आयोजन 11 से 14 दिसंबर 2024 तक चलेगा और भारत के निर्माण उपकरण बाजार को और मजबूत करेगा।
