ग्रेटर नोएडा वेस्ट की ऐस सिटी सोसाइटी में मां-बेटे की दर्दनाक मौ
ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित ऐस सिटी सोसाइटी से शनिवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां 13वीं मंजिल से कूदकर मां और बेटे ने अपनी जान दे दी। मृतकों की पहचान 37 वर्षीय साक्षी चावला और उनके 11 साल के बेटे दक्ष चावला के रूप में हुई है। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। सोसाइटी के नीचे खून से सने शव देख लोग दंग रह गए। सूचना पाते ही बिसरख थाना पुलिस पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह करीब 10 बजे अचानक जोरदार चीख सुनाई दी। घबराए लोग खिड़कियों और बालकनी से बाहर झांकने लगे तो उन्होंने एक महिला और बच्चे को जमीन पर गिरा देखा। दोनों की हालत गंभीर थी और कुछ ही देर में उनकी सांसें थम गईं। इस घटना से पूरी सोसाइटी में हड़कंप मच गया।
पुलिस ने मृतका के घर की तलाशी ली तो वहां से एक सुसाइड नोट मिला। इसमें साक्षी ने अपने पति दर्पण चावला को संबोधित करते हुए लिखा था— “हम दुनिया छोड़ रहे हैं… सॉरी। अब तुम्हें परेशान नहीं करेंगे। हमारी वजह से तुम्हारी जिंदगी खराब न हो। हमारी मौत का जिम्मेदार कोई नहीं है।” इसके बाद पुलिस ने केस को आत्महत्या मानते हुए जांच शुरू कर दी है।
बेटा मानसिक रूप से बीमार, मां रहती थी तनाव में
करीबी लोगों के मुताबिक दक्ष लंबे समय से मानसिक बीमारी से जूझ रहा था। कई डॉक्टरों से इलाज और गुरुद्वारों में अरदास कराने के बावजूद उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ। बच्चा स्कूल नहीं जाता था और दवाइयों पर निर्भर रहता था। इसी कारण साक्षी चावला मानसिक रूप से परेशान रहने लगी थीं। पड़ोसी बताते हैं कि वह कई बार कह चुकी थीं कि उनकी जिंदगी बेहद कठिन हो गई है।
जांच में पता चला कि घटना वाले दिन सुबह करीब 9 बजे पति दर्पण चावला ने पत्नी से बेटे को दवा देने को कहा। साक्षी ने दवा दी और उसे बालकनी में टहलाने लगीं। पति आराम करने दूसरे कमरे में चले गए। थोड़ी देर बाद अचानक मां-बेटा 13वीं मंजिल से नीचे गिर पड़े।
पुलिस जांच जारी
एडीसीपी सेंट्रल नोएडा शैव्या गोयल ने बताया कि घटना आत्महत्या का मामला प्रतीत होता है। बेटा मानसिक रूप से विक्षिप्त था और इसी कारण मां काफी तनाव में रहती थी। मौके से मिला सुसाइड नोट जांच का अहम हिस्सा है। पुलिस हैंडराइटिंग और अन्य परिस्थितियों की गहराई से पड़ताल कर रही है। परिजनों और सोसाइटी के निवासियों से भी पूछताछ हो रही है ताकि यह साफ हो सके कि इसके पीछे कोई और वजह तो नहीं है।
परिवार मूल रूप से उत्तराखंड का
जानकारी के अनुसार साक्षी गृहिणी थीं और उनके पति दर्पण चावला चार्टर्ड अकाउंटेंट हैं। यह परिवार मूल रूप से उत्तराखंड के गढ़ी नेगी गांव का रहने वाला है और फिलहाल ऐस सिटी सोसाइटी के फ्लैट नंबर E-1309 में रह रहा था। इस घटना के बाद पूरे सोसाइटी परिसर में मातम का माहौल है। पड़ोसी कहते हैं कि चावला परिवार शांत स्वभाव के लिए जाना जाता था। लोग यह समझ नहीं पा रहे कि आखिर साक्षी ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया।
