शहर का एक बड़ा हाईवे पिछले तीन से चार सालों से बदहाल हालत में पड़ा है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे और कीचड़ भरे पानी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। बारिश होते ही सड़क पर जलभराव हो जाता है, जिससे गाड़ियों का संतुलन बिगड़ने का डर हमेशा बना रहता है। स्थानीय लोगों और राहगीरों का कहना है कि इस खराब सड़क की वजह से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
रास्ते के किनारे ठेला लगाने वाले लोगों ने बताया कि हाईवे की यह हालत पास में चल रहे हाई ब्रिज (पुल) के काम की वजह से हुई है। पुल का निर्माण अधूरा पड़ा है और इसका असर सीधे सड़क पर पड़ा है। अगर समय पर पुल का काम पूरा कर लिया जाए तो सड़क भी सही कराई जा सकती है और लोगों को राहत मिलेगी।
सड़क से गुजरने वाले वाहन चालकों को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ट्रक, बाइक और कार चालकों को गड्ढों से बचते हुए निकलना पड़ता है। सबसे ज्यादा खतरा दोपहिया वाहन सवारों को है, क्योंकि पानी भरे गड्ढों की वजह से उन्हें गड्ढे का अंदाजा ही नहीं लग पाता। इससे गिरने और दुर्घटनाग्रस्त होने की संभावना बनी रहती है।
स्थानीय लोगों ने कई बार प्रशासन से शिकायत की, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। आसपास के रहवासी और दुकानदारों का कहना है कि सड़क की हालत को देखकर लगता है मानो जिम्मेदार अधिकारी आंखें मूंदे बैठे हैं।
लोगों की मांग है कि हाई ब्रिज का निर्माण कार्य तेजी से पूरा कराया जाए और सड़क की मरम्मत जल्द से जल्द हो। अगर काम को लटकाया जाता रहा तो आने वाले दिनों में दुर्घटनाओं का खतरा और बढ़ जाएगा। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से अपील की है कि वे जल्द कार्रवाई कर सड़क को दुरुस्त कराएं ताकि हजारों लोगों को राहत मिल सके।
