सर्दी के साथ बढ़ते कोहरे ने एक बार फिर एक्सप्रेस-वे को हादसों का अड्डा बना दिया। सोमवार सुबह घने कोहरे के कारण ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे पर कुछ ही मिनटों में दर्जनों वाहन आपस में भिड़ गए। पलवल से कोंडली की ओर जाने वाले मार्ग पर 92-93 किलोमीटर के बीच जीरो विजिबिलिटी के चलते एक ट्रौला बीच सड़क पर खड़ा हो गया, जिसके पीछे आ रहे वाहन एक-दूसरे से टकराते चले गए। देखते-ही-देखते करीब 25 से अधिक वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही ईकोटेक-1, कासना और दनकौर कोतवाली की पुलिस मौके पर पहुंची। कई वाहनों में लोग फंसे हुए थे, जिन्हें कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। पुलिस ने तुरंत एंबुलेंस बुलाकर घायलों को अस्पताल भिजवाया। इस हादसे में 10 से अधिक लोग घायल हुए हैं, जिनमें सिम्भावली निवासी दिलशाद आलम की हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्हें जिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसे के बाद एक्सप्रेस-वे पर लंबा जाम लग गया। एक ट्रक से आलू सड़क पर फैल गए, जिससे यातायात और बाधित हो गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाया। करीब ढाई घंटे बाद यातायात सामान्य हो सका, तब तक कई किलोमीटर लंबा जाम लगा रहा और सैकड़ों वाहन फंसे रहे।
