घर में घुसकर चार लोगों ने की मारपीट, परिजनों को दी जान से मारने की धमकी

थाना कासना क्षेत्र में घर में घुसकर चार लोगों द्वारा मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित की ओर से थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। रिपोर्ट के अनुसार, आरोपियों ने न केवल मारपीट की बल्कि गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी भी दी।

थाना प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार शुक्ला ने जानकारी देते हुए बताया कि सत्यराम पुत्र बुधराम ने शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में कहा गया कि 31 अगस्त की रात करीब 9 बजे जब वह अपने घर पर मौजूद था, तभी उसके पड़ोसी सागर, संदीप, शिवा और विक्रम लाठी-डंडे लेकर घर में घुस आए। आरोप है कि सभी ने मिलकर हमला बोला और सत्यराम के साथ मारपीट शुरू कर दी।

घटना के दौरान जब शोर शराबा हुआ तो सत्यराम का बेटा परस्राम, बेटी डिंपल और बहू भी बचाने पहुंचे। लेकिन आरोपियों ने उन पर भी हमला कर दिया। इस हमले में परस्राम और डिंपल को गंभीर चोटें आई हैं। परिवार का कहना है कि आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी।

पीड़ित पक्ष का आरोप है कि लंबे समय से पड़ोसियों के साथ विवाद चल रहा था, जिसके चलते यह हमला किया गया। घटना के बाद परिवार ने तुरंत थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है। उन्होंने कहा कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *