दादरी कोतवाली क्षेत्र में सोमवार की शाम तेज रफ्तार ब्रेजा कार सामने जा रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसे में कार सवार एक छात्रा समेत चार छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए जबकि एक छात्रा की मौत हो गई। चारों घायलों का उपचार फोर्टिस अस्पताल में चल रहा है। एक छात्र की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी बैनेट यूनिवर्सिटी में बीबीए द्वितीय वर्ष के छात्र-छात्राएं हैं। हादसा सोमवार शाम चार बजे के करीब रामपुर फतेहपुर गांव में खाटू श्याम ढाबे के समीप हुआ। मृतका की पहचान उत्तराखंड की इशिका के रूप में हुई है। मौजूदा समय में वह ग्रेटर नोएडा की सुपरटेक जार सोसायटी में रहकर पढ़ाई कर रही थीं। जबकि घायलों की पहचान कानपुर की अन्वी , मेरठ के युगराज व यश व गौतमबुद्ध नगर स्थित एटीएस सोसायटी के हर्ष के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि पांचों छात्र-छात्राएं इस्टर्न पेरिफेरल के समीप एक रेस्टोरेंट से खाना खाने के बाद वापस लौट रहे थे। कार तेज रफ्तार से थी। रामपुर फतेहपुर गांव के पास खाटू श्याम ढ़ाबे के समीप सामने जा रहे डंफर में जा घुसी। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। रास्ते से गुजर रहे राहगीर घायलो की मद के लिए दौड़े। राहगीरों ने 112 पर पुलिस को सूचना दी। किसी तरह डंफर से कार को निकालकर पुलिस ने राहगीरों की मदद से फोर्टिस अस्पताल भर्ती कराया। जहां डाक्टरों ने इशिका को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पीड़ित स्वजन को सूचना दे दी है। वहीं छात्रा अन्वी समेत अन्य घायलों का उपचार अस्पताल में चल रहा है। एडीसीपी ग्रेटर नोएडा सुधीर कुमार का कहना है
कि हादसा कार के तेज रफ्तार होने की वजह से हुआ। अस्पताल में उपचार के दौरान
एक छात्रा की मौत हो गई। अन्य घायलों का उपचार चल रहा है।
कार के उड़े पर्खच्चे : हादसा इतना जबरदस्त था कि कार के पर्खच्चे उड़ गए। कार के शीशे व खिड़कियां तोड़कर पुलिस ने राहगीरों की मदद से छात्र-छात्राओं को बेहोशी की हालत में बाहर निकाला।
