दिल्ली के मुख्यमंत्री आतिशी और आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल मतदान से एक दिन पहले, मंगलवार (4 फरवरी) को चुनाव आयोग के दफ्तर पहुंचे। उनके साथ आप के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा भी मौजूद थे। इस मुलाकात के बाद केजरीवाल ने कहा कि उन्होंने चुनाव आयोग के समक्ष कई चिंताओं और शिकायतों को रखा, जिस पर उन्हें कार्रवाई का आश्वासन मिला है।
केजरीवाल ने उठाए ये मुद्दे
1. दिल्ली में हिंसा और गुंडागर्दी – केजरीवाल ने आरोप लगाया कि दिल्ली पुलिस के सहयोग से कई जगह हिंसा और गुंडागर्दी हो रही है। उन्होंने चुनाव आयोग से इस पर सख्त कदम उठाने की मांग की।
2. वोटर सप्रेशन की आशंका – उन्होंने कहा कि बीजेपी और पुलिस की धमकियों के कारण कई लोग डर के मारे वोट डालने बाहर नहीं निकल सकते। उन्होंने आयोग से मांग की कि मतदाताओं को सुरक्षा दी जाए।
3. मतदान से पहले मतदाताओं की ऊंगली पर स्याही लगाने की साजिश – केजरीवाल ने चुनाव आयोग को बताया कि चुनाव से एक रात पहले पैसे देकर या धमकाकर लोगों की ऊंगली पर काली स्याही लगाने की साजिश हो सकती है, जिससे वे अगले दिन मतदान न कर सकें।
चुनाव आयोग का जवाब
मुलाकात के बाद चुनाव आयोग ने बयान जारी कर कहा कि चुनाव प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ कराई जाएगी। सभी अधिकारियों, पुलिस और एजेंसियों को निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए सख्त निर्देश दिए गए हैं। किसी भी तरह के गतिरोध या गड़बड़ी पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
