आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर नोएडा और ग्रेटर नोएडा में प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। 27 अक्टूबर की शाम व्रती डूबते सूर्य को और 28 अक्टूबर की सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे। इस दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और ट्रैफिक व्यवस्था के लिए पुलिस और प्राधिकरण ने विशेष इंतजाम किए हैं।
डीसीपी ट्रैफिक डॉ. प्रवीण रंजन सिंह ने बताया कि 27 और 28 अक्टूबर को घाटों के आसपास ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा। आपातकालीन वाहनों को छूट दी जाएगी। नोएडा में छठ पूजा कालिंदी कुंज, कुलेसरा, चोटपुर, बहलोपुर और नोएडा स्टेडियम सहित कई घाटों पर मनाई जाएगी। लोगों से अपील की गई है कि वे वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और किसी भी परेशानी पर हेल्पलाइन नंबर 9971009001 पर संपर्क करें।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने व्रतियों की सुविधा के लिए घाटों की सफाई, लाइटिंग और जल व्यवस्था पूरी कर ली है। सीईओ एन. जी. रवि कुमार के निर्देश पर जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त घाट भी बनाए जाएंगे। प्रमुख घाटों में आईईसी कॉलेज, हैबतपुर कम्युनिटी सेंटर, चेरी काउंटी सोसाइटी और सेक्टर पी-3 शामिल हैं।
प्राधिकरण ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया है कि छठ तक घाटों की साफ-सफाई और रोशनी लगातार बनी रहे। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस बल की तैनाती भी की गई है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे पार्किंग नियमों का पालन करें और त्योहार को शांति व श्रद्धा के साथ मनाएं।
