जनवरी से नोएडा एयरपोर्ट पर शुरू होगी पानी की आपूर्ति

नोएडा। ग्रेटर नोएडा के जेवर में बन रहे नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के व्यावसायिक संचालन से पहले यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने का काम तेजी से हो रहा है। एयरपोर्ट परिसर में पानी की आपूर्ति के लिए यमुना किनारे स्थित फलैदा बांगर गांव से तीन नलकूपों के जरिए पानी पहुंचाया जाएगा। इसके लिए 8 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन पहले ही बिछाई जा चुकी है।

यमुना प्राधिकरण के सीईओ डॉ. अरुणवीर सिंह ने बताया कि पाइपलाइन की टेस्टिंग चल रही है। टेस्टिंग के दौरान पाइपलाइन में कुछ मामूली लीकेज मिले हैं, जिन्हें ठीक किया जा रहा है। जनवरी के पहले हफ्ते से एयरपोर्ट को 2 एमएलडी पानी मिलने लगेगा। एयरपोर्ट को रोजाना 8 एमएलडी पानी की जरूरत होगी, लेकिन शुरुआती चरण में 2 एमएलडी पानी पर्याप्त रहेगा।

यह पानी एयरपोर्ट परिसर में बने वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट में शुद्ध किया जाएगा और फिर इस्तेमाल किया जाएगा। यात्री सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए पीने के पानी और अन्य जरूरतों की पूरी व्यवस्था की जा रही है। पानी की सप्लाई शुरू होने से एयरपोर्ट संचालन की तैयारियों को और रफ्तार मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *