गोरखपुर, 7 मार्च: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन गोरखनाथ मंदिर परिसर में जनता दर्शन किया। इस दौरान उन्होंने करीब 200 लोगों की समस्याएं सुनीं और तत्काल समाधान के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सख्त हिदायत दी कि जनसमस्याओं के निस्तारण में कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने जनता को भरोसा दिलाया कि सरकार उनकी हर समस्या के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा, “नर सेवा ही नारायण सेवा है, इसलिए हर जरूरतमंद की मदद के लिए अधिकारी हमेशा तत्पर रहें।”
जनता दर्शन के दौरान सीएम योगी खुद कुर्सियों पर बैठे लोगों तक पहुंचे और एक-एक करके उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनता की पीड़ा को हल्के में न लें और शीघ्र समाधान सुनिश्चित करें। मुख्यमंत्री ने हर व्यक्ति को उचित सहायता और न्याय दिलाने का आश्वासन दिया।
