जमुई में बड़ा रेल हादसा, सीमेंट से लदी मालगाड़ी के 8 डिब्बे पुल से नीचे गिरे

बिहार के जमुई जिले में देर रात एक बड़ा रेल हादसा हो गया। सीमेंट से भरी एक मालगाड़ी के आठ डिब्बे पटरी से उतरकर पुल से नीचे गिर गए। यह हादसा झाझा–जसीडीह रेलखंड पर सिमुलतला के पास टेलवा हॉल्ट के नजदीक बरुआ नदी पुल पर हुआ। हादसे के बाद इस रेलखंड पर रेल यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। अप और डाउन दोनों लाइनों पर ट्रेनों का संचालन रोकना पड़ा। सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया। पूर्व मध्य रेलवे की ओर से जानकारी देते हुए सीपीआरओ सरस्वती चंद्र ने बताया कि यह घटना आसनसोल मंडल (पूर्व रेलवे) के अंतर्गत लाहाबन और सिमुलतला स्टेशनों के बीच हुई है। 27 दिसंबर 2025 की रात करीब 11 बजकर 25 मिनट पर मालगाड़ी के आठ डिब्बे पटरी से उतर गए।
हादसे की सूचना मिलते ही आसनसोल, मधुपुर और झाझा से दुर्घटना राहत ट्रेन (एआरटी) को मौके पर भेजा गया। रेलवे की टीमें मौके पर पहुंचकर पटरी को ठीक करने और परिचालन बहाल करने में जुटी हुई हैं।
फिलहाल किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन रेल यातायात सामान्य होने में समय लग सकता है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से धैर्य बनाए रखने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *