गौतमबुद्धनगर के जेवर ब्लॉक के ग्राम पंचायत झुप्पा में ग्रामीण आजीविका मिशन योजना के तहत ‘उजाला संकुल स्तरीय समिति’ का भव्य शुभारंभ किया गया। यह कार्यक्रम जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा के निर्देशन में और जिला विकास अधिकारी शिव प्रताप सिंह परमेश की अध्यक्षता में पंचायत सचिवालय छातांगा खुर्द में आयोजित हुआ।
इस मौके पर खंड विकास अधिकारी अशोक पाल, सहायक विकास अधिकारी आलोक रंजन, आईएसबी के नूतन कुमार और ग्राम प्रधान ज्ञानी तंवर समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने अधिकारियों को मोमेंटो भेंट कर उनका स्वागत किया।
जिला विकास अधिकारी ने बताया कि 8 ग्राम पंचायतों के कुल 152 स्वयं सहायता समूहों को 2.80 लाख रुपये की धनराशि वितरित की गई है। इस पैसे से महिलाएं सिलाई-कढ़ाई, मोमबत्ती-अगरबत्ती निर्माण, मसाला उत्पादन, पशुपालन और कृषि जैसे कार्यों के जरिए आत्मनिर्भर बन रही हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि राज्य और केंद्र सरकार द्वारा बैंक सखी, कृषि सखी, बीसी सखी, समूह सखी जैसे पदों पर समय-समय पर भर्ती निकाली जा रही है, जिससे ग्रामीण महिलाओं को रोजगार के नए अवसर मिल रहे हैं।
