डीएम के निर्देश पर श्रमिक कुंज सेक्टर-122 व ग्राम आछेपुर में होगा आयोजन

गौतम बुद्ध नगर, 31 जुलाई।

जनपद गौतम बुद्ध नगर में पेंशन व अन्य लाभार्थीपरक योजनाओं से जुड़े लाभार्थियों की समस्याओं के समाधान हेतु 1 अगस्त को विशेष कैंपों का आयोजन किया जाएगा। यह कैंप जिलाधिकारी मेधा रूपम के निर्देश पर जनपद के दो स्थानों — श्रमिक कुंज, सेक्टर-122 नोएडा एवं ग्राम आछेपुर में प्रातः 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक आयोजित किए जाएंगे।

जिला समाज कल्याण अधिकारी सतीश कुमार ने बताया कि इन कैंपों में राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, दिव्यांग पेंशन योजना सहित विभिन्न पेंशन योजनाओं से संबंधित समस्याओं का मौके पर निस्तारण किया जाएगा।

इसके अतिरिक्त उद्योग केंद्र, पूर्ति विभाग, पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग, बाल विकास विभाग, कृषि विभाग, कौशल विकास मिशन सहित अन्य विभागों की योजनाओं की जानकारी भी आमजन को दी जाएगी।

उन्होंने बताया कि कैंप का उद्देश्य पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना एवं आवेदन में आ रही दिक्कतों को तत्काल हल करना है। जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में कैंप में पहुंचकर सरकारी योजनाओं का लाभ लें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *