सूरजपुर थाना क्षेत्र के तिलपता गांव में रविवार सुबह एक यातायात पुलिसकर्मी के साथ हाथापाई की घटना सामने आई। सुबह करीब साढ़े 11 बजे यातायात पुलिसकर्मी नीरज नागर डेयरी के पास ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान एक स्कूल बस सड़क किनारे खड़ी थी, जिससे दादरी-सूरजपुर रोड पर जाम लग गया। यातायातकर्मी ने बस चालक से वाहन हटाने के लिए कहा, लेकिन वह तैयार नहीं हुआ। चालान की बात सुनकर चालक ने बस हटाना शुरू किया। उसी समय एक गली से निकले युवक ने पुलिसकर्मी से झगड़ा शुरू कर दिया और हाथापाई करने लगा। बताया जा रहा है कि उसने अपने साथियों को भी बुला लिया। जब पुलिसकर्मी ने घटना की वीडियो रिकॉर्डिंग करनी चाही तो आरोपितों ने उसका मोबाइल छीन लिया और अभद्रता की। जान बचाने के लिए पुलिसकर्मी पास की एक दुकान में घुस गए, लेकिन वहां भी आरोपितों ने उन्हें घेर लिया। सूचना मिलने पर सूरजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है। अन्य आरोपितों की पहचान की जा रही है।
तिलपता गांव में बस हटाने पर यातायातकर्मी से हाथापाई, एक आरोपी गिरफ्तार
