ग्रेटर नोएडा में इन दिनों गर्मी का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है। तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुँच चुका है और लू जैसी गर्म हवा चल रही है। सूरज की तेज़ किरणें दिनभर लोगों को झुलसा रही हैं। ऐसे हालात में लोगों का घर से निकलना भी मुश्किल हो गया है।
तेज़ धूप से बचने के लिए लोग तरह-तरह के उपाय कर रहे हैं। सड़कों पर चलते लोग छतरी लेकर निकलते दिख रहे हैं। लड़कियाँ और महिलाएँ दुपट्टे से अपना सिर और मुंह ढक रही हैं ताकि धूप से बचा जा सके। कई लोग सिर पर गमछा बांधकर और आंखों पर चश्मा पहनकर बाहर जा रहे हैं।
गर्मी का असर बाजारों और सड़कों पर साफ देखा जा सकता है। दोपहर के समय सड़कें सुनसान नजर आती हैं। दुकानों पर भीड़ कम हो गई है। स्कूलों में छुट्टियाँ घोषित कर दी गई हैं और सरकारी दफ्तरों में भी कामकाज धीमा हो गया है।
गर्मी को देखते हुए जगह-जगह पर पानी के मटके बिक रहे हैं। कुछ लोग प्याऊ लगाकर राहगीरों को ठंडा पानी पिला रहे हैं। नींबू पानी और गन्ने के रस की दुकानों पर लोगों की भीड़ देखी जा सकती है।
डॉक्टरों ने लोगों को सलाह दी है कि दोपहर के समय बाहर न निकलें, खूब पानी पिएं और हल्के सूती कपड़े पहनें। गर्मी से लू लग सकती है, जिससे सिर दर्द, चक्कर या बुखार हो सकता है।
गर्मी का प्रकोप फिलहाल थमने का नाम नहीं ले रहा, जिससे लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
