ग्रेटर नोएडा के दनकौर थाना क्षेत्र के मकनपुर बांगर गांव में मंगलवार रात तेज बिजली आने से एक घर में आग लग गई। घटना के समय घर में मौजूद परिवार तुरंत बाहर निकलकर सड़क पर आ गया, जिससे उनकी जान बच गई। आग की वजह से घर में रखा करीब एक लाख रुपये का सामान जलकर खाक हो गया। ग्रामीणों ने मिलकर आग पर काबू पाया।
ग्रामीण बबलू भाटी ने बताया कि उनके पड़ोसी होशियार सिंह समेत कई घरों में तेज लाइट के कारण फ्रिज और टीवी में आग लग गई, जिससे अन्य सामान भी जल गया। इस घटना से होशियार सिंह को बड़ा आर्थिक नुकसान हुआ।
मुआवजे की मांग
पीड़ित परिवार ने बिजली विभाग की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराते हुए मुआवजे की मांग की है। उनका कहना है कि ऐसी घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं। अगर जल्द मुआवजा नहीं दिया गया, तो ग्रामीण विभाग के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे।
