नोएडा के दनकौर-सिकंद्राबाद रोड पर तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से 12वीं का छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल छात्र, लक्की गौतम, नवादा गांव का निवासी है। हादसे के बाद उसे ग्रेटर नोएडा के शारदा अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
घटना गुरुवार शाम की है, जब लक्की ट्यूशन के लिए दनकौर कस्बा जा रहा था। मुंहफाड़ गांव के पास उसकी बाइक को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। टक्कर के बाद चालक मौके से फरार हो गया।
एक राहगीर ने कार का नंबर नोट कर लिया, जिसके आधार पर लक्की के परिजनों ने दनकौर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई। परिजनों ने हादसे के लिए कार चालक की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है। कोतवाली प्रभारी मुनेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
