नवरात्रि और दशहरे के पर्वों को देखते हुए प्रशासन ने खाने-पीने की चीजों की जांच का अभियान शुरू कर दिया है। जिलाधिकारी मेधा रूपम के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम लगातार अलग-अलग इलाकों में छापेमारी कर रही है, ताकि लोगों को त्योहारों में शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री मिल सके। सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने बताया कि सोमवार को कई प्रतिष्ठानों से कुल सात नमूने लिए गए। खाद्य सुरक्षा अधिकारी सय्यद इबादुल्लाह, विशाल कुमार गुप्ता और अमर बहादुर सरोज की टीम ने सेक्टर-62 स्थित आनंद डेयरी से भैंस के दूध और डबल टोंड दूध का एक-एक नमूना संग्रहित किया। इसके अलावा इंपीरियल स्पाइसेज रेस्टोरेंट से टोमैटो ग्रेवी और पनीर, दादरी की सिंघल बेकरी से पाइनएपल केक और सुपरटेक इको विलेज बिसरख स्थित फरहान खान के स्टोर से कुट्टू आटे का नमूना लिया गया। वहीं, खाद्य सुरक्षा अधिकारी रविंद्र नाथ वर्मा ने जेवर चौराहा स्थित मिठाई की दुकान से सोन पापड़ी का नमूना इकट्ठा किया अधिकारियों ने बताया कि सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद यदि किसी भी नमूने में मिलावट या मानक के विपरीत कुछ पाया गया, तो संबंधित दुकानदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
त्योहारों से पहले खाद्य सामग्री की जांच तेज, 7 नमूने लैब भेजे गए
