बीटा-2 क्षेत्र में पूर्वांचल रॉयल सिटी सोसाइटी के पास एक युवक को बीच सड़क पर रोककर पीटने का मामला सामने आया है। हमलावरों ने युवक की कार में भी तोड़फोड़ की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, मामला दो दिन पहले चुहड़पुर गांव में हुए एक कुआं पूजन कार्यक्रम से जुड़ा है। वहां शराब पार्टी के दौरान अट्टा गांव निवासी सतीश और चुहड़पुर के ओमप्रकाश में झगड़ा हुआ था। गुस्से में सतीश ने ओमप्रकाश को थप्पड़ मार दिया। यह बात ओमप्रकाश के बेटे विनीत को पता चली, तो उसने बदला लेने की ठान ली।
मंगलवार को जब सतीश अपनी कार से कहीं जा रहा था, तभी विनीत अपने साथियों के साथ पूर्वांचल रॉयल सिटी सोसाइटी के पास पहुंचा और सतीश को कार से नीचे खींचकर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। किसी ने यह वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया, जिसके बाद पुलिस हरकत में आई। बीटा-2 पुलिस ने विनीत और राजेंद्र को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि बाकी आरोपियों की तलाश जारी है।
