सीरिया की राजधानी दमिश्क के बाहरी इलाके में हुए इजरायली हवाई हमले में 11 लोगों की जान चली गई। ब्रिटेन स्थित युद्ध निगरानी समूह ‘सीरियन ऑब्जर्वेटरी फॉर ह्यूमन राइट्स’ के अनुसार, यह हमला अद्रा के पास असद सरकार के हथियार डिपो पर किया गया। मरने वालों में अधिकतर आम नागरिक बताए जा रहे हैं।
इजरायल की चुप्पी
हालांकि इजरायली सेना ने इस हमले पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। वहीं, ‘पैन-अरब अल-मायादीन टीवी’ ने भी इस घटना की पुष्टि की, लेकिन मरने वालों की संख्या छह बताई। इजरायल लंबे समय से सीरिया के सैन्य ढांचे और हथियारों को निशाना बना रहा है।
अन्य घटनाएं
दूसरी ओर, तुर्किये समर्थित विद्रोहियों ने कोबानी के पास हमला किया, जो कुर्द नेतृत्व वाली ‘सीरियन डेमोक्रेटिक फोर्सेज’ (एसडीएफ) के नियंत्रण में है। एसडीएफ ने रॉकेट हमले का वीडियो जारी कर बताया कि तुर्किये-समर्थित समूहों ने उनके रडार सिस्टम को नष्ट कर दिया।
इस बीच, सीरिया के होम्स शहर के पास एक सामूहिक कब्र मिलने की खबर भी सामने आई है।
