दादरी–बोड़ाकी स्टेशन पर लंबी दूरी की ट्रेनों के ठहराव की मांग, आरडब्ल्यूएज ने सांसद को सौंपा ज्ञापन

लोगों की यात्रा से जुड़ी समस्याओं को लेकर फेडरेशन ऑफ आरडब्ल्यूएज ने दादरी या बोड़ाकी रेलवे स्टेशन पर लंबी दूरी की यात्री ट्रेनों के ठहराव की मांग की है। इस संबंध में फेडरेशन के प्रतिनिधिमंडल ने सांसद डॉ. महेश शर्मा को ज्ञापन सौंपा।
देवेंद्र टाइगर और ऋषिपाल के नेतृत्व में 21 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल सांसद से मिला। प्रतिनिधियों ने बताया कि ग्रेटर नोएडा की आबादी लगभग 12 लाख है। यहां पूर्वांचल, बिहार, मध्यप्रदेश और बंगाल से आए बड़ी संख्या में लोग रहते हैं, जिनका सफर ज्यादातर ट्रेन से होता है।
उन्होंने कहा कि ग्रेटर नोएडा से रोजाना सैकड़ों यात्री करीब 50 किलोमीटर दूर जाकर ट्रेन पकड़ने को मजबूर हैं। रास्ते में जाम के कारण 3 से 4 घंटे तक समय खराब हो जाता है। नोएडा और ग्रेटर नोएडा के हजारों लोग ट्रेन के लिए दूसरे शहरों पर निर्भर हैं।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि ग्रेटर नोएडा से होकर प्रतिदिन लगभग 80 ट्रेनें गुजरती हैं, जिनमें प्रयागराज एक्सप्रेस, रीवा एक्सप्रेस, वंदे भारत, शताब्दी और शिव गंगा एक्सप्रेस जैसी प्रमुख ट्रेनें शामिल हैं, लेकिन यहां ठहराव नहीं है।
सांसद डॉ. महेश शर्मा ने इस मांग पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से जल्द बातचीत करने और फेडरेशन के पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल की उनसे मुलाकात कराने का आश्वासन दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *