दिल्ली-एनसीआर में भारी बारिश का अलर्ट, 24 जून तक मॉनसून पहुंचने की संभावना

नई दिल्ली, 23 जून (एजेंसी)।
मौसम विभाग (IMD) ने सोमवार को राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली, गुड़गांव और नोएडा में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, राजधानी में अगले 24 घंटे के भीतर तेज़ बारिश, गरज-चमक के साथ आंधी और तेज़ हवाएं चलने की संभावना है। हवा की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक रह सकती है। मौसम विशेषज्ञों ने मॉनसून के दिल्ली में 24 जून तक दस्तक देने का अनुमान जताया है।

मौसम विभाग के मुताबिक, अगर मॉनसून मंगलवार को दिल्ली पहुंचता है, तो यह 2013 के बाद अब तक की सबसे जल्दी आने वाली मॉनसूनी बारिश मानी जाएगी। आमतौर पर दिल्ली में मॉनसून 27 जून के आसपास पहुंचता है, लेकिन इस बार यह तीन से चार दिन पहले ही पहुंचने की संभावना है।

आईएमडी के अनुसार, सोमवार को राजधानी में न्यूनतम तापमान 28.2 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बारिश की वजह से हवा में नमी का स्तर 60 से 89 प्रतिशत तक बना रहा।

विभाग ने नागरिकों को सलाह दी है कि तेज़ बारिश और आंधी के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें। खुले मैदान, पेड़ों के नीचे और ऊँचे टावरों से दूरी बनाए रखें। साथ ही जलभराव और ट्रैफिक जाम की स्थिति को देखते हुए घर से निकलने से पहले मौसम अपडेट ज़रूर देखें।

गौरतलब है कि मॉनसून पहले ही पंजाब, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में दस्तक दे चुका है और अब जल्द ही दिल्ली-एनसीआर में सक्रिय हो सकता है। आगामी सप्ताह में दिल्ली और आसपास के इलाकों में रुक-रुक कर बारिश होती रहने की संभावना जताई गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *