दिल्ली एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा टला: लैंडिंग के तुरंत बाद एयर इंडिया के विमान की पॉवर यूनिट में लगी आग

नई दिल्ली, 22 जुलाई:
राजधानी दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सोमवार को एक बड़ा हादसा टल गया। हांगकांग से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI-315 के लैंड करने के बाद उसके पिछले हिस्से में मौजूद सहायक पॉवर यूनिट (APU) में अचानक आग लग गई। घटना के समय विमान में सभी यात्री सवार थे, लेकिन राहत की बात रही कि सभी सुरक्षित उतर चुके थे और कोई जनहानि नहीं हुई।

सूत्रों के अनुसार, यह घटना विमान के टर्मिनल पर पार्क होने और इंजन बंद करने के कुछ ही मिनटों बाद हुई। जैसे ही ग्राउंड स्टाफ ने विमान में तकनीकी उपकरणों को जोड़ा, APU में धुआं निकलता दिखा और कुछ ही देर में आग की लपटें दिखने लगीं। इसके बाद एयरपोर्ट के दमकल दस्ते ने तुरंत मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया।

एयर इंडिया ने बयान जारी करते हुए बताया कि विमान की APU में अचानक तकनीकी खराबी की वजह से यह आग लगी, लेकिन APU में ऑटोमैटिक शटडाउन सिस्टम होने की वजह से आग ज्यादा नहीं फैल पाई और समय रहते उसे नियंत्रित कर लिया गया। विमान में सवार सभी यात्री और क्रू मेंबर पूरी तरह सुरक्षित हैं।

घटना की सूचना मिलते ही नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) ने जांच के आदेश दे दिए हैं। तकनीकी टीम पूरे विमान की जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि आग लगने की असली वजह क्या थी।

हाल के दिनों में एयर इंडिया के विमानों से जुड़ी यह दूसरी बड़ी तकनीकी घटना है, जिससे एयरलाइन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। हालांकि एयर इंडिया ने यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात दोहराई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *