दिल्ली के नंदनगरी इलाके में सोमवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई जब एक खड़ी बस से खून टपकता हुआ दिखाई दिया। स्थानीय लोगों ने जब पास जाकर देखा तो बदबू और खून देखकर तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस मौके पर पहुंची और जब बस का केबिन खोला गया तो अंदर का नजारा चौंकाने वाला था। सीढ़ियों पर एक युवक की सड़ी-गली लाश पड़ी थी, जिसके शरीर से खून बह रहा था और आसपास बदबू फैली हुई थी। मृतक की पहचान शिवा (32 वर्ष) के रूप में हुई, जो गामरी इलाके का रहने वाला था।
बताया जा रहा है कि शव 2–3 दिन पुराना था और सिर पर गहरी चोट के निशान थे। शुरुआती जांच में पुलिस का मानना है कि युवक बस में गिरा होगा, जिससे सिर में चोट लगी और वहीं उसकी मौत हो गई। हालांकि, हत्या की आशंका से भी इंकार नहीं किया गया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए क्राइम ब्रांच और फॉरेंसिक टीम (FSL) को जांच में शामिल किया गया है। पुलिस आसपास के CCTV कैमरे खंगाल रही है ताकि यह पता चल सके कि युवक बस में कैसे पहुंचा और क्या यह कोई साजिश थी।
फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारण का खुलासा हो सकेगा। स्थानीय लोग इस घटना से डरे हुए हैं और पुलिस से सुरक्षा बढ़ाने की मांग कर रहे हैं।
